Sunday, June 14, 2026

वो मरना नहीं चाहता था - आख़िरी डिलीवरी

 कितना टूटा होगा वो,

आत्महत्या से पहले…
कितनी बार मरा होगा अंदर ही अंदर,
एक बार सच में मरने से पहले।


कितनी रातें खुली आँखों में कटी होंगी,
कितनी बार तकिये में चेहरा छुपाकर रोया होगा।
हर सुबह शायद बस इसी उम्मीद में उठता होगा,
कि आज कुछ ठीक हो जाएगा…
पर हर शाम कर्ज़, ताने और बेबसी
उसे फिर से तोड़ जाती होगी।


सोचा होगा उसने उन लोगों के बारे में,
जिन्होंने चंद रुपयों के लिए
उसकी इज़्ज़त को रोज़ थोड़ा-थोड़ा मार दिया।
किसी ने हिसाब माँगा होगा,
किसी ने आवाज़ ऊँची की होगी,
और वो हर बार मुस्कुराकर
अपनी टूटन छुपा गया होगा।


आख़िरी वक़्त में ज़रूर आया होगा चेहरा
माँ का…
बाप का…
बीवी और बच्चों का…
कितनी बार बिना आवाज़ के
उन्हें पुकारा होगा उसने।


शायद वो मरना नहीं चाहता था,
बस थोड़ा सुकून चाहता था…
थोड़ी मोहलत…
थोड़ी इंसानियत।


पर जब दर्द हद से ज़्यादा बढ़ जाता है,
तो इंसान मरता नहीं…
हार जाता है।


और सोचता हूँ…
आख़िरी बार जब किसी ने उससे पूछा होगा —
“कैसा है?”
तो उसने क्या जवाब दिया होगा…।


© आशुतोष त्रिपाठी